राजकुमार हिरानी की फिल्म 'संजू' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने शनिवार को ट्वीट में बताया, "संजू का शुक्रवार तक वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 500.43 करोड़ रुपए रहा।" रणबीर कपूर स्टारर संजू 29 जून को रिलीज हुई थी। फिल्म दूसरे हफ्ते में ब्लॉक बस्टर बन गई। इस फिल्म ने 2018 में सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इसे बनाने में 100 करोड़ की लागत आई। संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म 'पद्मावत' ने भारत में 25 दिनों में 262.63 करोड़ की कमाई की थी। इसी दौरान वर्ल्ड वाइड कलेक्शन 499 करोड़ रुपए रहा। संजू ने 500 करोड़ का आंकड़ा महज 15 दिन में ही पा लिया। संजू ने भारत में पहले हफ्ते में 202.51 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं, दूसरे हफ्ते में 92.67 करोड़ कमाए। इस तरह इसका कुल कलेक्शन 295.18 रुपए रहा। कहा जा रहा है कि जुलाई के तीसरे हफ्ते में फिल्म आसानी से 300 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लेगी। रणबीर की सबसे बड़ी हिट फिल्म:'संजू' रणबीर की पहली फिल्म है, जिसने इतना जर्बदस्त कलेक्शन किया है। इससे पहले उनकी फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' (2013) ने 112.14 करोड़ और 'ऐ दिल है मुश्किल' (2016) का लाइफटाइम कलेक्शन 112.14 करोड़ रहा था। बर्फी की कुल कमाई 106.11 करोड़ रुपए रही। दो हफ्ते कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं:संजू की वजह से जुलाई के शुरुआती दो हफ्तों में कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई। 6 जुलाई को हॉलीवुड की मेगाबजट फिल्म ‘एंट मैन एंड द वैस्प’ रिलीज होनी थी, लेकिन उसे भी टाल दिया गया। इस फिल्म को 13 जुलाई को ‘सूरमा’ के साथ रिलीज किया गया।