यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना और अपने कर्तव्यों को पूरा करना ही हिन्दू धर्म का उद्देश्य है। व्यक्ति के साथ समाज और संसार का कल्याण भाव ही धर्म है। हमने इसे किसी संकीर्णता के साथ नहीं जोड़ा। हमारे यहां अवतारों की परम्परा यही कहती है। यह बात उन्होंने ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ के पुण्यतिथि समारोह में कही। लोक कल्याण के लिए समर्पित था जीवन : मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गोरक्षपीठ अपने पूज्य आचार्यों दिग्विजयनाथ और अवेद्यनाथ की स्मृति में इस कार्यक्रम को हर साल मनाती है। इन दोनों पूज्य संतो का जीवन जिस लोक कल्याण के लिए समर्पित था, उसी को ध्यान में रखते हुए समारोह में आयोजित होने वाली संगोष्ठियों का विषय निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमारी संस्कृति की बात आती है तो उसका निचोड़ परोपकार में सम्पन्न होता है। लोक कल्याण हमारी संस्कृति का ध्येय है। प्राचीन काल से जब दुनिया अन्धकार में थी, उस समय भी भारत की गुरुकुल परम्परा में लोगों को सत्य का भाव कराया जाता था। आज भी सरकार उतना काम नहीं करती, जितना धर्मार्थ और सांस्कृतिक संगठन द्वारा लोक कल्याण कराया जाता है। समारोह के पहले दिन ‘लोक कल्याण भारतीय संस्कृति की विशेषता है।’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता भारत सरकार के मानव संसाधन राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल वेद है।