रायबरेली में जिला पंचायत अध्यक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले मंगलवार को हुई हिंसा के मामले में सियासत शुरू हो गई है। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली में जिला पंचायत सदस्यों से मुलाकात कर कहा कि, अब ये लड़ाई उनकी है। मामला चुनाव आयोग व कोर्ट में उठाया जाएगा। उन्होंने योगी सरकार पर भी हमला बोला। वहीं, लखनऊ में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरा ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ दिया है। कहा कि, यह कांग्रेस के ही दो गुटों का आपसी विरोध का नतीजा है। किसी भी कीमत पर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने के लिए कांग्रेस पार्टी तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उप मुख्यमंत्री बोले- हम मजिस्ट्रेट जांच करवा रहे उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने कहा कि कई जिला पंचायत सदस्यों को मध्य प्रदेश में कांग्रेस महासचिव अजय सिंह के होटल में छिपाकर रखा गया और जब वहां से सदस्य किसी तरह निकले तो अब पूरे मामले को छिपाने और गुमराह करने के लिए अपनी पार्टी की विधायक आदिति सिंह पर टोल प्लाजा के पास हमला दिखाया गया, जबकि वहां गाड़ी इसलिए दुर्घटनाग्रस्त हुई। क्योंकि अदिति सिंह के काफिले के सामने एक चार पहिया वाहन आ गया था। उनकी गाड़ी बहुत तेज गति से थी, इसलिए पलट गई। फिर भी कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर रायबरेली जिला प्रशासन ने रिपोर्ट दर्ज की है। हम मजिस्ट्रेट जांच भी करवा रहे हैं।