आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू शनिवार को सियासी सरगर्मी के बीच लखनऊ पहुंचे। वह एयरपोर्ट से सीधे समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका स्वागत किया। वह यहां करीब तीन घंटे तक रहेंगे और इस दौरान राज्य की पूर्व सीएम और बसपा प्रमुख मायावती से भी मुलाकात कर चुनावी हालात पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक चंद्रबाबू नायडू पहले अखिलेश से मिलेंगे और फिर उसके बाद मायावती से मिलने उनके घर जाएंगे। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। नायडू चुनाव नतीजे आने से पहले ही पूरे विपक्ष को एकजुट करने में लगे हुए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आखिरी चरण का मतदान 19 मई को होना है। 23 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे, लेकिन इससे पहले ही भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, भाकपा नेताओं सुधाकर रेड्डी और डी राजा से मुलाकात की। नायडू शरद यादव से भी मिलेंगे। चंद्रबाबू शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मिले थे।