मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। ऐसी अटकलें लगायी जा रही हैं कि सोमवार को ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इससे पहले शुक्रवार को योगी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव की मौजूदगी में दिल्ली में आला नेताओं के साथ बैठक में कई नामों पर मंथन किया गया। सोमवार को ही नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों का बाजार उस समय गर्म हुआ, जब योगी ने शनिवार देर शाम राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक राजभवन में विस्तार को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। भाजपा के तीन प्रदेश महामंत्रियों के कैबिनेट में शामिल होने की चर्चा भाजपा सूत्रों के मुताबिक योगी के मंत्रिमंडल में छह नए मंत्री शामिल हो सकते हैं। इनमें तीन प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। सूत्रों की मानें तो एक मंत्री गोरखपुर क्षेत्र से और एक मंत्री रायबरेली-अमेठी से बनाए जाने की चर्चा है। राज्य मंत्री सुरेश राणा, महेंद्र सिंह, अनुपमा जायसवाल और स्वाती सिंह का कद बढ़ाया जा सकता है। लोकसभा चुनाव में तीन मंत्री बने थे सांसद प्रदेश में 60 सदस्यीय मंत्रिपरिषद हो सकता है। योगी सरकार ने मार्च 2017 में जब शपथ ली थी तब मुख्यमंत्री समेत 47 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने शपथ ली थी। इसमें तीन मंत्री सत्यदेव पचौरी, डॉ. एसपी सिंह बघेल और डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने सांसद चुने जाने के कारण त्यागपत्र दे दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जा चुका है। स्वतंत्रदेव को भी छोड़ना है मंत्री पद मंत्रिमंडल में शामिल स्वतंत्रदेव सिंह को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल चुकी है। सिंह भी जल्द मंत्रिमंडल छोड़ देंगे। ऐसी स्थिति में मंत्रिपरिषद सिर्फ 42 सदस्यीय ही रह जाएगा। योगी मंत्रिपरिषद में अभी तक एक बार भी फेरबदल नहीं हुआ है। शीर्ष नेतृत्व कर चुका है मंथन