केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि, टि्वटर एकाउंट पर बैठकर सरदार पटेल पर और देश की जनता पर कटाक्ष करना आसान है। लेकिन उनके पद चिन्हों पर चलकर अखंड भारत की कल्पना का समर्थन करना, ऐसी कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किल है जिन्होंने संसद में धारा 370 के भी हटाने का विरोध किया। कहा कि देश की एकता और अखंडता के साथ कांग्रेस पार्टी नहीं है। यदि सरदार वल्लभभाई पटेल को कांग्रेसी नेता मानते तो आज उनकी जयंती पर एकता दौड़ में वे भी शामिल होते। अमेठी सांसद स्मृति ईरानी दो दिवसीय के दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र में हैं। गुरुवार को दौरे के अंतिम दिन यहां रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने शहर के देवीपाटन मंदिर से कार्यकर्ताओं के साथ इसका शुभारंभ किया। इस दौरान यात्रा शहर के देवीपाटन शुरू होकर गांधी चौक होते हुए ककवा रोड पर समाप्त हुई। प्रियंका ने क्या कहा था? कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को टि्वट कर लिखा कि सरदार पटेल कांग्रेस के निष्ठावान नेता थे, जो कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित थे। वह जवाहरलाल नेहरू के करीबी साथी थे और आरएसएस के सख्त खिलाफ थे। आज भाजपा द्वारा उन्हें अपनाने की कोशिशें करते हुए और उन्हें श्रद्धांजलि देते देख के बहुत खुशी होती है, क्योंकि भाजपा के इस एक्शन से दो चीजें स्पष्ट होती हैं। उनका अपना कोई स्वतंत्रता सेनानी महापुरुष नहीं है। तकरीबन सभी कांग्रेस से जुड़े थे। सरदार पटेल जैसे महापुरुष को एक न एक दिन उनके शत्रुओं को भी नमन करना पड़ता है।