राजस्थान में शुरू हो चुकी गुलाबी ठंडक के बीच बरसात ने तड़का लगा दिया है। गुरुवार को जैसलमेर व बीकानेर में शुरू हुआ बरसात का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। बीकानेर शहर के अलावा नोखा, पांचू, जसरासर, कोलायत में सुबह से बूंदाबांदी हुई जो दोपहर तक जारी रही। यहां गुरुवार से ही काले बादल छाए हुए हैं। बीकानेर में बीती रात तापमान 18.4 डिग्री रहा। यहां बारिश से अधिकतम तापमान में 6.2 और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है। बेमौसम की इस बरसात से किसान परेशान हैं। गुरुवार को जैसलमेर जिले के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई जबकि बीकानेर व सीकर में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे पारे में भी गिरावट आई और लोगों को ठंड का एहसास हुआ। जैसलमेर के रामगढ़ में 10 मिनट तक गिरे ओलों से सड़कें सफेद चादर से बिछ गई। इधर, राजधानी जयपुर में दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री बढ़कर 34.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। रात के तापमान में करीब दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई और यह गुरुवार रात के 19.7 डिग्री से बढ़कर 21.6 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि ज्यादातर शहरों का न्यूनतम पारा 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटे के दौरान एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। वहीं जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।