भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को झारखंड के गिरिडीह में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने झामुमो और कांग्रेस पर हमला किया। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए हेमंत सोरेन जिसकी गोदी में बैठे हैं, उसी कांग्रेस ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई थी। शाह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि पर फैसला हो गया। कांग्रेस ने वर्षों तक इस मसले को लटकाकर रखा। अब अयोध्या में आसमान को छूने वाला भव्य राम मंदिर जल्द बनने वाला है। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, " हम अभी नागरिकता संशोधन विधेयक लेकर लाए तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो गया। कांग्रेस इसे मुस्लिम विरोधी कह रही है। ये बिल मुस्लिम विरोधी नहीं है। कांग्रेस को आदत पड़ी है मुस्लिम विरोधी कहने की। उन्होंने कहा, "हम तीन तलाक का कानून लाए तो कांग्रेस ने इसे मुस्लिम विरोधी बताया। हमने जम्मू-कश्मीर में 370 हटाया तो कांग्रेस ने इसे मुस्लिम विरोधी बताया। अब नागरिकता बिल को ये मुस्लिम विरोधी बता रहे हैं।" शाह गिरिडीह के बाद देवघर और बाघमारा में भी चुनावी सभा करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए शाह का ये चौथा दौरा होगा। चौथे चरण में देवघर, गिरिडीह और बाघमारा समेत 15 सीटों पर 16 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।