देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 19 लाख के पार हो गया है। अब तक 19 लाख 6 हजार 616 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 51 हजार 282 नए मरीज बढ़े। वहीं, इतने ही मरीज 51 हजार 220 स्वस्थ भी हो गए। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक है। उधर, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री के बीएस येदियुरप्पा, यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई नेता कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। भोपाल में 10 दिन के लॉकडाउन के बाद मंगलवार में बाजार खुले। लेकिन कोरोना की दहशत में ग्राहक दिनभर बाहर नहीं आए। शाम को जब ग्राहक आए तो पुलिस बाजार बंद कराने आ गई। शाम को 8 बजे तक बाजार खोलने का था। लेकिन पुलिस ने शाम को 7 बजे ही दुकानें बंद करा दीं। राजधानी में 10 दिन में 1968 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जबकि 845 मरीज ठीक हो गए हैं। शहर के 7 कोविड हॉस्पिटल में मरीजों के इलाज के लिए रिजर्व किए गए 2128 बिस्तरों पर 1486 मरीज भर्ती हैं।