मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकाय और 17 जनपद पंचायत चुनाव के रिजल्ट शनिवार को घोषित किए गए। 17 नगरीय निकाय सीटों में से बीजेपी को 9 और कांग्रेस को 9 सीटें मिली हैं। वहीं, एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। छह नगर पालिकाओं में से बीजेपी ने सिर्फ दो पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस ने 4 सीटें जीतीं। वहीं, 13 नगर परिषद की सीटों में बीजेपी को 7 और कांग्रेस को 5 सीटों पर जीत मिली है। एक सीट निर्दलीय को मिली। नगरीय निकाय चुनाव के तहत 6 नगरपालिका और 13 नगर परिषद की सीटों के लिए 17 जनवरी को वोट डाले गए थे। बीजेपी ने ये 9 सीटें जीतीं - पीथमपुर, ओंकारेश्वर, कुक्षी, डही, धामनोद , पानसेमल, राजपुर, सेंधवा और पलसूद। कांग्रेस की इन 9 पर विजय - धरमपुरी, धार, मनावर, राजगढ़, सरदारपुर, अंजड़, खेतिया, बड़वानी और राघौगढ़-विजयपुर। अनूपपुर से निर्दलीय जीतीं - अनूपपुर जिले की जैतहरी सीट पर निर्दलीय कैंडिडेट नवरत्नी शुक्ला ने बीजेपी की सुनीता जैन को हराया। नवरत्नी ने 898 वोट से जीत दर्ज की। अकोड़ा में जनता ने अध्यक्ष पर जताया भरोसा - भिण्ड जिले की अकोड़ा नगर परिषद सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की संगीता यादव पर फिर भरोसा जताया है। कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद खाली कुर्सी और भरी कुर्सी ( यानी राइट टू रिकॉल) के लिए मतदान हुआ था। संगीता यादव को 676 वोटों से जीत हासिल हुई। यादव को कांग्रेस का समर्थन भी हासिल था। राघौगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत - गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी आरती शर्मा ने जीत हासिल की। यह वही सीट है, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने करीब 50 साल पहले नगरपालिका में अध्यक्ष पद जीत हासिल कर अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत की थी। - कांग्रेस की अध्यक्ष पद की कैंडिडेट आरती महेंद्र शर्मा ने पांच हजार 672 वोटों से विजय हासिल की है। कांग्रेस की आरती शर्मा को 17 हजार 613 वोट मिले, वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी मायादेवी अग्रवाल को 12 हजार 32 वोट मिले। निर्दलीय ऋतु भार्गव ने 780 और शमीम बानो ने 313 वोट हासिल किए। - राघौगढ़ नगरपालिका के कुल 24 वार्ड में से 20 में पार्षद पद पर कांग्रेस के कैंडिडेट विजयी रहे, जबकि चार में बीजेपी के पार्षद चुने गए।