कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी ने 5 साल पहले जो वादे किए थे उसका 95% काम पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने राज्य की जनता की आवाज सुनी है। इस मौके पर राहुल गांधी के अलावा वीरप्पा मोइली और कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी गुरुवार को दो दिन के कर्नाटक दौरे पर पहुंचे। राज्य में एक चरण में 12 मई को मतदान होगा। 15 मई को नतीजे आएंगे। बंद कमरे में नहीं लोगों के बीच जाकर तैयार किया घोषणा पत्र - राहुल गांधी ने कहा कि यह घोषणापत्र किसी बंद कमरे में केवल 3-4 लोगों ने ही तैयार नहीं किया गया। मुझे लगता है कि वीरप्पा मोइली ने राज्य के हर जिले में लोगों और हर समुदाय के साथ चर्चा कर इसे तैयार किया है। भाजपा कर्नाटक की संस्कृति का सम्मान नहीं करती। - "हमारा घोषणापत्र भाजपा के मैनिफेस्टो जैसा नहीं है जिसमें केवल आरएसएस और रेड्डी बंधुओं का ही एजेंडा छिपा होता है।" - उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की अगुआई में सरकार जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। हमने अपने इस घोषणापत्र में वादे पूरे करने की प्रतिबद्धता जताई है।" - "अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो 5 साल में हम 1 करोड़ नौकरियां लाएंगे।" मोदी की मन की बात पर कसा तंज - राहुल ने कहा, "प्रधानमंत्री लोगों को अपने मन की बात कहते हैं, जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र कर्नाटक के लोगों के मन की बात को शामिल किए हुए है।" - उन्होंने कहा, "मैं यहां कर्नाटक के लोगों को ये बताने नहीं आया कि उनके लिए क्या अच्छा है। मैं यहां ये सुनने आया हूं कि वो अपनी बेहतरी के लिए क्या सोचते हैं।" - राहुल ने कहा, " हम सभी को कर्नाटक पर बहुत गर्व है। इस राज्य ने देश को सिलिकॉन वैली का तोहफा दिया है। मैं कर्नाटक को धन्यवाद देना चाहता हूं, क्योंकि इसके आत्मविश्वास ने पूरे देश को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है।" कृषि, शिक्षा, ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों को किया शामिल कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कृषि, शिक्षा, खेल, संस्कृति, ऊर्जा, चिकित्सा, सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को शामिल किया है। कर्नाटक चुनाव का शेड्यूल कुल सीटें: 224 बहुमत: 113 वोटर: 4.90 करोड़ तारीख चुनावी शेड्यूल 17 अप्रैल अधिसूचना जारी 24 अप्रैल नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अप्रैल नामांकनों की छंटनी 27 अप्रैल नाम वापस लेने की आखिरी तारीख। 12 मई मतदान 15 मई नतीजे