रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक को ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं थी। इस पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया, उन्होंने (नरेंद्र मोदी) सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक फायदा उठाया। भारत ने 28-29 सितंबर 2016 की दरमियानी रात सीमा पारकर पाक के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में घुसकर आतंकियों के लॉन्च पैड तबाह किए थे। राहुल ने कहा, "जनरल, आप एक सच्चे सैनिक की तरह बोले। भारत को आप पर गर्व है। सेना का निजी संपत्ति के तौर पर इस्तेमाल करने में मिस्टर 36 (राफेल विमान का संदर्भ) को बिल्कुल भी शर्म नहीं आई। उन्होंने (प्रधानमंत्री) सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक लाभ लिया और राफेल डील ने अनिल अंबानी की पूंजी में 30 हजार करोड़ रुपए का इजाफा कर दिया।''