बंगाल की खाड़ी में उठा फेथई तूफान सोमवार दोपहर आंध्रप्रदेश में पूर्वी गोदावरी जिले के तट से टकराया। अधिकारियों के मुताबिक, इसके असर से तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है। दोपहर 12.25 हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी। विजयवाड़ा में भूस्खलन में एक युवक की जान गई। तूफान के असर से आंध्र और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में दो दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। सरकार ने एहतियातन आंध्र प्रदेश में 22 ट्रेनें रद्द की हैं। तूफान का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही रोकी गई। यहां आने वाली सभी फ्लाइट हैदराबाद डायवर्ट की गई हैं। मौसम विभाग ने बताया रविवार को फेथई की रफ्तार 45-55 किमी प्रति घंटा थी, लेकिन सोमवार को इसने रफ्तार पकड़ी और तेजी से आगे बढ़ा। तूफान के असर से पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अनुमान है।