अरब सागर में उठा वायु चक्रवात गुजरात तट से नहीं टकराएगा। मौसम विभाग की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने गुरुवार सुबह बताया कि पिछले 6 घंटों में तूफान की दिशा बदली है। फिलहाल यह वेरावल से 130 किमी दक्षिण-पश्चिम और पोरबंदर से 180 किमी दक्षिण में है। चक्रवात वेरावल, पोरबंदर, द्वारका और सौराष्ट्र तट के पास से गुजरेगा। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 135-160 किमी/घंटा तक हो सकती है। दीव, गिर, सोमनाथ, जूनागढ़, पोरबंदर और द्वारका में भारी बारिश हो सकती है। यहां के 500 से ज्यादा गांव खाली करा लिए गए। बुधवार रात तक तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मुंबई में 400 उड़ानों पर असर वायु चक्रवात के चलते मुंबई में 400 उड़ानों पर असर पड़ा। एक अफसर के मुताबिक, खराब मौसम की वजह बुधवार को मुंबई से टेकऑफ करने वाली 194 और लैंड करने वाली 192 फ्लाइट्स में देरी हुई। 2 फ्लाइट्स का रूट डाइवर्ट किया गया। मुंबई से रोज 900 विमानों की आवाजाही होती है। मुंबई मौसम विभाग के मुताबिक- चक्रवात का फैलाव 900 किमी से ज्यादा है। वायु गुजरात से टकराए या न टकराए, लेकिन सिस्टम से होने वाला खतरा बना हुआ है। तेज हवा और भारी बारिश होने की संभावना है। लिहाजा बचाव की पूरी तैयारी रखनी होगी। गुजरात के वेरावल से मुंबई के बीच की दूरी करीब 900 किमी है। मुंबई में उच्च ज्वार का अनुमान, सभी बीच बंद किए गए वायु चक्रवात को देखते हुए मुंबई में 12 और 13 जून को उच्च ज्वार आने का अनुमान है। मुंबई और कोंकण क्षेत्र के सभी बीच लोगों के लिए बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों और मछुआरों से अपील की है कि वे बीच से दूर रहें।