यहां के रामलीला मैदान में शनिवार को कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ ‘भारत बचाओ’ रैली की। इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और डॉ. मनमोहन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रैली में देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दे निशाने पर रहे। रैली में राहुल गांधी काफी तल्ख नजर आए। उन्होंने कहा कि ये देश पीछे नहीं हटता। मुझे कहते हैं कि सही बात बोलने के लिए माफी मांगूं। भाइयो-बहनो, मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, राहुल गांधी है। मैं सच्चाई के लिए कभी माफी नहीं मांगूंगा। और न कोई कांग्रेस वाला माफी मांगेगा। माफी नरेंद्र मोदी को देश से मांगनी है। उनके असिस्टेंट अमित शाह को माफी मांगनी है। शुक्रवार को लोकसभा में राहुल के ‘रेप इन इंडिया’ बयान पर हंगामा हुआ। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई महिला सांसदों ने इस पर राहुल से माफी मांगने को कहा। राहुल ने बयान दिया कि वे माफी नहीं मांगेगे। यह भी कहा कि मोदीजी ने कहा कि मेक इन इंडिया होगा। हमें लगा कि मेक इन इंडिया दिखाई देगा। आज जब हम अखबार खोलते हैं तो हमें रेप इन इंडिया दिखाई देता है। राहुल ने झारखंड के गोड्डा में गुरुवार को ‘रेप इन इंडिया’ वाला बयान दिया था। ‘आज पूरा देश प्याज पकड़े हुए है’ राहुल ने कहा, ‘‘पहले देश की शक्ति और आत्मा इसकी अर्थव्यवस्था थी। है नहीं थी। पूरी दुनिया हमारी तरफ देखकर कहती थी कि हिंदुस्तान में क्या हो रहा है। एक तरफ चीन और दूसरी तरफ इंडिया। यूरोपीय देश भारत और चीन को मिलाकर चिंडिया बोलते थे। आज देखिए, देश प्याज पकड़े हुए हैं। हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था नरेंद्र मोदी ने खुद अकेले खत्म कर दी।’’ ‘‘मोदी 8 बजे रात को टीवी पर आए। अर्थव्यवस्था को ऐसी चोट मारी, कि आज तक ठीक नहीं हुई। कहा कि यह काले धन के खिलाफ लड़ाई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना है। माताओं-बहनों, युवाओं की जेब से पैसे निकाले और लाखों-करोड़ों अंबानी-अदाणी के हवाले किए। मनमोहन जी ने कहा था कि जीएसटी को बिना पायलट प्रोजेक्ट के मत लॉन्च करो। मोदीजी ने कहा, मैं करूंगा। आज 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। 9% जीडीपी थी, आज 4.5% पहुंच गई। हमारे तरीके से आज देश की जीडीपी नापी जाए, तो 2.5% जीडीपी है। हिंदुस्तान के सब दुश्मन चाहते थे कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था नष्ट हो जाए। ये काम दुश्मनों ने नहीं, प्रधानमंत्री ने किया। ‘मोदी है तो मुमकिन है’ प्रियंका ने कहा कि हर बस स्टॉप, हर अखबार में दिखता है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है।’ असलियत यह है कि भाजपा है तो 100 रु किलो प्याज है। भाजपा है तो 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी मुमकिन है। भाजपा है तो 4 करोड़ नौकरियां नष्ट होना मुमकिन है।