देश में लॉकडाउन का आज छठा दिन है। कोरोनावायरस के संक्रमण को कम्युनिटी स्तर पर जाने से रोकने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी सीमाएं सील करने का आदेश दिया है। कुछ मजदूर शहरों में पहुंचे तो उनके साथ प्रशासन द्वारा अमानवीय व्यवहार किए जाने के आरोप लग रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आया। बताया जा रहा है कि यह बरेली का है। इसमें कुछ मजदूरों को सैनिटाइजर का स्प्रे करके नहलाया रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे शेयर करते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे अमानवीय बताया है। यूपी सरकार से गुजारिश है कि हम सब मिलकर इस आपदा के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन कृपा करके ऐसे अमानवीय काम मत करिए। मजदूरों ने पहले से ही बहुत दुख झेल लिए हैं। उनको केमिकल डाल कर इस तरह नहलाइए मत। इससे उनका बचाव नहीं होगा बल्कि उनकी सेहत के लिए और खतरे पैदा हो जाएंगे।