देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या 2 लाख 27 हजार 273 हो गई। उधर, देश में लगातार टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। एविशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को बताया कि 25 मई से डोमेस्टिक फ्लाइट्स शुरू होने के बाद 11वें दिन 4 जून को 671 उड़ानों में 60 हजार 306 यात्रियों ने सफर किया। यह यात्रियों और उड़ानों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले एक जून को सबसे ज्यादा 692 उड़ानों में 64 हजार 651 यात्रियों ने सफर किया था। लॉकडाउन में 25 मार्च से देश में घरेलू उड़ानें बंद कर दी थीं। बाद में इन्हें 25 मई को फिर शुरू किया गया। Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 9838 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को भी 9638 मरीज मिले थे। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 77 हजार, तमिलनाडु में 27 हजार और दिल्ली में 25 हजार के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह अलग आंकड़े दिए। इसके मुताबिक, 24 घंटों में 9,851 मामले सामने आए और 273 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में अब तक 2 लाख 26 हजार 770 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 10 हजार 960 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 9 हजार 462 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 6348 लोगों की मौत हुई है।