अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प ने बुधवार रात व्हाइट हाउस से अंतिम विदा ली। उनके हाथ में उनका क्रोकोडाइल हर्मीज बर्किन बैग था, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई जाती है। इससे पहले ही मीडिया में फर्स्ट लेडी के तौर पर मेलानिया ट्रम्प की विरासत पर बहस छिड़ गई है। कयास भी लग रहे हैं कि वे जल्द ही डोनाल्ड ट्रम्प को तलाक दे देंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलानिया और डोनाल्ड ट्रम्प फ्लोरिडा के मार-ए-लेगो एस्टेट में आगे की जिंदगी बिताएंगे। अब वह ही उनका स्थायी घर होगा। मेलानिया और ट्रम्प ने व्हाइट हाउस से बाहर निकलते वक्त काले कपड़े पहन रखे थे और हमेशा की तरह स्टाइलिश लग रही थीं। मंगलवार को मेलानिया ने राष्ट्र के नाम अपने विदाई संदेश में हर अमेरिकी को नफरत पर प्यार, हिंसा पर शांति और खुद के बजाय दूसरों को चुनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका की फर्स्ट लेडी के तौर पर सेवाएं देना उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन में मेलानिया कभी सहज नहीं रहीं। न्यूयॉर्क से वॉशिंगटन आने पर उन्होंने शुरू में फर्स्ट लेडी के तौर पर एडजस्ट होने की कोशिश जरूर की। स्टाफ की नियुक्ति, मां के तौर पर चाइल्ड केयर पर बात करने और हर पब्लिक अपीयरेंस में डिजाइनर कपड़ों के साथ सुर्खियां बटोरने तक सबकुछ ठीक चल रहा था। कुछ पब्लिक रिलेशन डिजास्टर उन्होंने खुद किए तो कुछ उनके पति की वजह से मीडिया की नाराजगी भारी पड़ी। धीरे-धीरे उन्होंने फर्स्ट लेडी के तौर पर परंपरा के नाम पर जो काम करने थे, उनसे भी दूर होती चली गईं। व्हाइट हाउस क्रिसमस डेकोरेशन से जुड़े मसले पर ऑडियो लीक होने के बाद तो वह गायब ही हो गईं। व्हाइट हाउस अधिकारियों के मुताबिक, मेलानिया ने ट्रम्प ने चुनाव हारने के बाद पति की हां में हां मिलाई और दावा किया कि वह ही जीते हैं। पर नया साल शुरू होते-होते फ्लोरिडा में घर तलाशना शुरू कर दिया था। फिर पूरी तरह संयमित अंदाज में बयान जारी किए। उनसे उम्मीद थी कि वह भावी फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन से ट्रांजिशन के मुद्दे पर बात करेंगी। व्हाइट हाउस का दौरा कराएंगी। पर उनका फोकस पैकिंग पर था, जबकि डोनाल्ड तो वहीं डटे रहने की कोशिश में लगे रहे।