आईपीएल का 11वां सीजन अब तक का सबसे कड़े मुकाबले वाला सीजन रहा है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि टीमों के बीच अंतर बेहद कम रहा। लेकिन, जहां तक ऑक्शन में किए गए खर्च और प्रदर्शन के आधार पर रिटर्न की बात करें, तो इसमें मुकाबला कतई नजदीकी नहीं है। क्रिकेट वेबसाइट ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एनालिसिस के मुताबिक, कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम लागत के हिसाब से सबसे ज्यादा फायदे में रही। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू सबसे ज्यादा घाटे में रही। 20 लाख के मयंक ने किया 6.38 करोड़ रुपए का प्रदर्शन - लागत के हिसाब से सबसे ज्यादा फायदा और घाटा देने वाले खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के रहे। मुंबई ने मयंक मार्कंडेय को 20 लाख रुपए में खरीदा था। मयंक ने 6.38 करोड़ रुपए का प्रदर्शन किया। वहीं, रोहित शर्मा को रिटेन करने के बदले मुंबई ने 15 करोड़ रुपए दिए थे। रोहित ने 3.88 करोड़ रुपए के बराबर ही प्रदर्शन किया। 60 मैचों की लीग में नौ खिलाड़ियों ने किया 10 करोड़ से ज्यादा का प्रदर्शन - इस एनालिसिस के मुताबिक, आईपीएल-11 में कुल नौ खिलाड़ियों ने 10 करोड़ रुपए या इससे ज्यादा वैल्यू का प्रदर्शन किया है। इनमें सबसे आगे सुनील नरेन रहे। उन्होंने 14.59 करोड़ रुपए के बराबर का प्रदर्शन किया। - नरेन के अलावा रिषभ पंत (लागत 8 करोड़, प्रदर्शन 12.11 करोड़), राशिद खान (लागत 9 करोड़, प्रदर्शन 11.92 करोड़), शेन वाटसन (लागत 4 करोड़, प्रदर्शन 11.06 करोड़), आंद्रे रसेल (लागत 7 करोड़, प्रदर्शन 10.74 करोड़), केन विलियम्सन (लागत 3 करोड़, प्रदर्शन 10.68 करोड़), लोकेश राहुल (लागत 11 करोड़, प्रदर्शन 10.65 करोड़), आंद्रे टाई (लागत 7.20 करोड़, प्रदर्शन 10.64 करोड़) और हार्दिक पंड्या (लागत 11 करोड़, प्रदर्शन 10.50 करोड़) ने 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रदर्शन किया है। क्रिकइन्फो ने कैसे निकाला आंकड़ा - बल्लेबाजों के रनों को सीजन के ओवरऑल स्ट्राइक रेट और गेंदबाजों के विकेट को ऑवरऑल इकोनॉमी रेट से एडजस्ट किया गया है। सीजन का स्ट्राइक रेट 137.92 रहा। इसी तरह सीजन की इकोनॉमी रेट 8.92 रही। जिन बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट और गेंदबाजों की इकोनॉमी बेहतर रही उन्हें फायदा हुआ। - बल्ले से कुल 19908 रन बने और गेंदबाजों ने 662 विकेट लिए। टीमों ने 551 करोड़ रुपए खर्च किए थे। एक रन 1 लाख, 44 हजार, 734 रुपए का रहा। एक विकेट 41 लाख, 75 हजार, 432 रुपए का रहा। - सुनील नरेन ने 357 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 189.89 रहा। एडजस्टमेंट के बाद उनके रन 478 हो जाते हैं। बतौर बल्लेबाज नरेन ने 6.91 करोड़ रुपए का प्रदर्शन किया। नरेन ने 7.65 की इकोनॉमी से 17 विकेट लिए। एडजस्टमेंट के बाद विकेट 18.4 होते हैं। बतौर गेंदबाज उन्होंने 7.67 करोड़ के बराबर प्रर्शन किया। - इस तरह नरेन का कुल प्रदर्शन 14.59 करोड़ रुपए का रहा। नरेन पर केकेआर ने 8.50 करोड़ रुपए खर्च किया है। लिहाजा उन्होंने टीम को 6.09 करोड़ रुपए का फायदा दिया।