भारत के खिलाफ चार मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में बिना विकेट खोए छह रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा दो और मार्क्स हैरिस चार रन बनाकर नाबाद हैं। मेजबान टीम भारत से अब भी 316 रन पीछे है और दस विकेट उसके हाथ में हैं। उसकी पहली पारी 300 रन पर ऑलआउट हुई थी। भारत ने पहली पारी सात विकेट पर 622 रन बनाकर घोषित की थी। ऑस्ट्रेलिया घरेलू मैदान पर 31 साल बाद फॉलोऑन खेल रहा है। चौथे दिन सिर्फ 25.2 ओवर का ही खेल हो सका और 64.4 ओवर का खेल बारिश और खराब रोशनी की भेंट चढ़ गया, इसलिए आखिरी दिन आधा घंटे पहले (भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे) खेल शुरू होगा। भारत इस सीरीज में 2-1 से आगे है। बारिश के कारण सुबह पहले सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। बाद में खराब रोशनी के कारण चायकाल जल्दी घोषित करना पड़ा। चायकाल खत्म होने के बाद भी रोशनी खेलने लायक नहीं हुई और तीसरे सत्र का खेल रद्द करना पड़ा। बारिश के चलते तीसरे दिन भी 16.3 ओवर का खेल बर्बाद हो गया था। पहली पारी में हैरिस रहे ऑस्ट्रेलिया के टॉप स्कोरर पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्क्स हैरिस ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब ने भी 37 रन का अहम योगदान दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 99 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में दूसरी बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। उन्होंन इससे पहले 12 अगस्त 2017 को श्रीलंका के खिलाफ पल्लीकेल में 96 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर 31 साल बाद फॉलोऑन ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर 31 साल बाद किसी टीम ने फॉलोऑन दिया है। इससे पहले 1988 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ही इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दिया था। हालांकि, ओवरऑल बात करें तो ऑस्ट्रेलिया को 14 साल बाद कोई टीम फॉलोऑन दे पाई है। इससे पहले इंग्लैंड ने 2005 में उसे ट्रेंट ब्रिज में फॉलोऑन दिया था। भारत ने 33 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में मेजबान टीम को फॉलोऑन दिया भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घरेलू मैदान पर दूसरी बार फॉलोऑन दिया है। इसके पहले भी 6 जनवरी 1986 में सिडनी टेस्ट में ही फॉलोऑन दिया था। उस टेस्ट का नतीजा नहीं निकला था। उस मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 600 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 396 रन बनाए थे। मैच खत्म होने के समय उसने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 119 रन बनाए थे। एशिया के बाहर भारत ने चौथी सबसे बड़ी लीड ली इस टेस्ट में भारत ने पहली पारी के आधार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 322 रन की बढ़त हासिल की। एशिया के बाहर उसकी यह चौथी सबसे बड़ी लीड है। उसकी सबसे बड़ी 373 रन की लीड 2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रास आइलेट के मैदान पर ली थी।