न्यूजीलैंड ने तीन मैच की सीरीज के पहले टी-20 में बुधवार को भारतीय टीम को 80 रन से हरा दिया। भारत ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा का यह फैसला सही नहीं साबित हुआ। न्यूजीलैंड ने ओपनर कॉलिन मुनरो और टिम सिफर्ट की तेज पारियों के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 19.2 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। टी-20 में रन के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी हार है। भारत का न्यूजीलैंड में मेजबान टीम के खिलाफ यह तीसरा टी-20 मुकाबला था। टीम इंडिया एक में भी जीत नहीं पाई है। सिफर्ट ने 84 में से 64 रन बाउंड्री से बनाए न्यूजीलैंड की ओर से सिफर्ट ने सबसे ज्यादा 84 रन बनाए। उन्होंने 43 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। वे मैन ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा मुनरो ने 20 गेंद में 34 रन, कप्तान केन विलियम्सन ने 22 गेंद में 34 रन, रॉस टेलर ने 14 गेंद में 23 रन और स्कॉट कुगेलजिन ने 7 गेंद में 20 रन की पारी खेली। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने 51 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, क्रुणाल पंड्या और युजवेंद्र चहल के खाते में एक-एक विकेट आए। भारतीय टीम की खराब शुरुआत लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा पारी की 14वीं गेंद पर ही पवेलियन लौट गए। वे पांच गेंद खेलकर सिर्फ एक रन ही बना पाए। 77 रन तक उसके छह खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। महेंद्र सिंह धोनी 39 रन बनाकर भारत के टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा शिखर धवन ने 29, विजय शंकर ने 27 और क्रुणाल पंड्या ने 20 रन की पारी खेली। इन चारों के अलावा भारत को कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाया। रोहित, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और खलील अहमद एक-एक रन ही बना पाए। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। उनके अलावा लॉकी फर्ग्युसन, मिशेल सैंटनर और ईश सोढ़ी ने 2-2 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। डेरिल मिशेल को एक विकेट मिला।