पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने आईपीएल में अंपायर के साथ हुए विवाद पर महेंद्र सिंह धोनी का बचाव किया। गांगुली ने कहा कि हम सब इंसान ही हैं। धोनी का बर्ताव ज्यादा अलग नहीं था। दरअसल, चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल का 25वां मैच खेला जा रहा था। राजस्थान के खिलाफ चेन्नई की बल्लेबाजी के दौरान 19वें ओवर में एक मौका ऐसा था जब स्टोक्स की गेंद पर अंपायर उल्हास गांधे ने नो बॉल देने के बाद अपना फैसला बदल लिया था। इस पर धोनी आउट होने के बावजूद गुस्से में मैदान में उतर आए और अंपायर को दलीलें देने लगे। हालांकि, फैसला नहीं बदलने पर वे गुस्से में ही लौटे। विवाद के बारे में जब गांगुली से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हर कोई इंसान है। जो अलग से दिखा वह उसकी (धोनी की) प्रतिस्पर्धात्मकता है। यह असाधारण है।" उन्होंने ईडन गार्डन के बारे में बात करते हुए कहा, ''ईडन में सब कुछ स्पेशल ही है। यह ग्राउंड और यहां की पिच देश में सबसे अच्छी हैं।'' धोनी पर मैच फीस का 50% जुर्माना भी लगा आईपीएल के इतिहास में शायद यह पहला मौका था, जब धोनी गुस्से में मैदान के बीच में चले गए हों। बीसीसीआई ने अंपायर से बहस करने को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन मानते हुए धोनी पर मैच फीस का 50% जुर्माना भी लगाया है। धोनी ने भी अपनी गलती मानते हुए लेवल-2 के तहत जुर्माने का आदेश मान लिया। नियमों के मुताबिक, आईपीएल में किसी भी खिलाड़ी पर लगे जुर्माने को उसकी फ्रेंचाइजी भरती है।