वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ की है। कोहली ने धोनी को क्रिकेट का लेजेंड (दिग्गज) करार दिया। उन्होंने कहा कि धोनी के खेल की समझ और अनुभव की वजह से ही टीम अच्छी लय में है। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में मुश्किल परिस्थितियों में धीमी पारी के लिए धोनी की काफी आलोचना हुई थी। सचिन तेंदुलकर ने भी धोनी में इरादे की कमी को खराब प्रदर्शन की वजह बताया था। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में पूर्व भारतीय कप्तान ने टीम को संकट से उबारते हुए 61 गेंद पर 56 रन बनाए और टीम का स्कोर 268 तक पहुंचाया। मैच के बाद कोहली ने कहा, “धोनी जानते हैं कि उन्हें मैच के बीच में क्या करना है। कभी-कभी उनका दिन खराब होता है तो हर कोई बातें शुरू कर देता है। हम हमेशा उनके साथ हैं। उन्होंने हमें कई मैच जिताए हैं।” “धोनी जैसे एक खिलाड़ी के होने का सबसे ज्यादा फायदा यह है कि जब आपको जरूरी 15-20 रन चाहिए हों, तो उनको पता होता है कि उन्हें यह कैसे बनाने हैं। उनका अनुभव 10 में से 8 बार हमारे लिए मददगार रहा है।” टीम इंडिया के कप्तान ने बताया, “हमारे पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपना स्वाभाविक खेल दिखाते हैं और योजना के हिसाब से खेलते हैं। धोनी के पास इस खेल की गहरी समझ है। वह हमें हमेशा प्रतिक्रिया देते हैं, जैसे कि कितना स्कोर बेहतर है। वह इस खेल के दिग्गज हैं। हम सब यह जानते हैं।”