भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज धर्मशाला में खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजर टी-20 में लगातार चौथी जीत पर होगी। उसने पिछले तीन मुकाबलों में वेस्टइंडीज को हराया था। टीम इंडिया को पिछली हार इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी टीम भी लगातार चौथी जीत दर्ज करना चाहेगी। उसने पिछले तीन मैच में श्रीलंका को हराया था। उसे पिछली हार पाकिस्तान के खिलाफ फरवरी में मिली थी। दोनों टीमें चार साल बाद धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेलने उतरेगी। पिछली बार 2 अक्टूबर 2015 को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भारत को 7 विकेट से हराया था। टीम इंडिया उस हार का बदला भी लेना चाहेगी। इस मैदान पर आठ मैच खेले गए। इनमें सिर्फ दो बार रन चेज करने वाली टीम को जीत मिली। चार मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती। दो मुकाबलों में नतीजे नहीं निकले। भारत vs दक्षिण अफ्रीका हेड टू हेड दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 13 टी-20 हुए, भारतीय टीम 8 में जीती। दक्षिण अफ्रीका को 5 मैचों में सफलता मिली। भारत में दोनों के बीच दो मैच खेले गए। दोनों मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीकी टीम जीती। पिछली बार दोनों टीमें न्यूलैंड्स में आमने-सामने हुई थी। तब भारतीय टीम ने उस मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया था। मौसम और पिच रिपोर्ट : धर्मशाला में मैच के समय शाम को बारिश हो सकती है। तापमान 17 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस मैदान पर पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 140 रन है। वहीं, रन चेज में औसत स्कोर 140 रन है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेलेंगे धोनी पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। वे वेस्टइंडीज के दौरे में भी टीम में शामिल नहीं थे। धोनी ने अपना पिछला टी-20 ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में खेले थे। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2015 में सीरीज खेलने वाली टीम इंडिया के कप्तान थे। भारत की मजबूती रोहित शर्मा-विराट कोहली : भारतीय टीम के दो सबसे महत्वपूर्ण बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। कोहली ने 3 मैच में 106 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 35.33 का रहा था। उन्होंने एक अर्धशतक लगाया था। दूसरी ओर, रोहित शर्मा ने 2 मैच में 91 रन बनाए थे। उनका औसत 45.50 का रहा था। रोहित ने एक अर्धशतकीय पारी खेली थी।