Published on February 2, 2026 | Views: 247
संसद में भारी हंगामे के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब का हवाला देते हुए राहुल ने पूछा कि आखिर '56 इंच की छाती' का क्या हुआ? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी आवाज दबा रही है क्योंकि वह डरी हुई है।
राहुल गांधी ने कहा कि जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बारे में साफ-साफ लिखा है। मैं उसी आर्टिकल को Quote कर रहा हूं, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार डरी हुई है। पूरी मोदी सरकार डरी हुई है कि अगर नरवणे जी की किताब सामने आ गई, तो नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह की असलियत देश को पता चल जाएगी कि जब चीन हमारी तरफ आ रहा था- तो '56 इंच' की छाती को क्या हुआ था?
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा- ये आर्मी चीफ (अब पूर्व) के शब्द हैं और यह बातचीत उन्होंने राजनाथ सिंह जी और PM मोदी के साथ की थी। मैं बस इतना कह रहा हूं कि मैं सदन में वही कहना चाहता हूं जो आर्मी चीफ ने लिखा है और राजनाथ सिंह और PM मोदी ने उन्हें क्या आदेश दिए थे। मैं संसद में बोलना चाहता हूं, लेकिन मोदी सरकार पता नहीं क्यों डरी हुई है। यहां मुद्दा ठीक वही है जो प्रधानमंत्री ने कहा और जो राजनाथ सिंह जी ने कहा।
Category: Politics