प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तरप्रदेश के वाराणसी और गाजीपुर में करीब 499 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मोदी ने गाजीपुर में एक रैली को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के कर्जमाफी वाले वादे पर भी निशाना साधा। मोदी ने कहा कि किसानों से कर्जमाफी और झूठे वादे करके कर्नाटक में पिछले दरवाजे से सरकार बनाई गई। लेकिन सरकार आने के बाद सिर्फ 800 किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिला। बाकी किसानों के पीछे कर्ज की वसूली के लिए पुलिस लगा दी गई। मोदी ने गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी। उन्होंने यहां सुहेलदेव का डाक टिकट भी जारी किया। वाराणसी में उन्होंने राष्ट्रीय बीज अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (आईआरआरआई) और एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईएसएआरसी) का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा- लॉलीपॉप पकड़ाने वालों ने देशभर के किसानों से कर्जमाफी का वादा किया था। 10 साल पहले 2009 में क्या आपका कर्ज माफ हुआ था? लेकिन, उनका फायदा हुआ, सरकार बनी और फिर आपको भुला दिया गया। ऐसे लोगों पर भरोसा करोगे क्या, लॉलीपॉप कंपनी पर भरोसा करोगे क्या, झूठ बोलने वालों पर भरोसा करोगे क्या? प्रधानमंत्री ने कहा- किसानों पर 6 लाख करोड़ रुपए का कर्ज था और कितने लोगों का कर्ज माफ किया गया पता है? 8 हजार करोड़ रुपए दिए गए थे। जिनका कर्ज माफ किया गया, उनमें भी लाखों को सर्टिफिकेट नहीं दिया गया। ब्याज चढ़ता गया और किसान को कर्ज ब्याज समेत वापस करना पड़ा। ये किसान दोबारा कर्ज लेने के काबिल भी नहीं रहे। इस प्रकार की कर्जमाफी का लाभ किसे हुआ? किसान को तो नहीं हुआ। मेरा आग्रह है कि कांग्रेस के झूठ और बेइमानी से सतर्क रहिए।