मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज मोदी सरकार को भगाना चाहता है, लेकिन ऐसा मत करना कि कांग्रेस को वोट दे आओ। अपना वोट बंटने मत देना, नहीं तो मोदी सरकार को इससे मजबूती मिलेगी। उन्होंने लोगों से दिल्ली की सातों सीटों पर आप उम्मीदवार जिताने के लिए कहा। केजरीवाल ने कांग्रेस को वोट न देने की अपील कर उन कयासों पर भी रोक लगा दी, जिनमें कहा जा रहा था कि दिल्ली में आप और कांग्रेस एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, दोनों पार्टियां गठबंधन की खबरों पर कुछ भी कहने से बचते दिखे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को ककरोला में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट ने देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसदों ने दिल्ली के विकास में कुछ नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस को भी वोट न दें, अगर आप कांग्रेस को वोट देंगे तो इससे नरेंद्र मोदी को मजबूती मिलेगी। अपना वोट बंटने न दें और आप प्रत्याशियों को जिताएं। आप नेता गोपाल राय ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन पर फैसला वरिष्ठ नेताओं को पार्टी कार्यकर्ताओं से पूछकर 15 जनवरी के बाद लिया जाएगा। उधर, आप से गठबंधन का विरोेध करने वाले कांग्रेस नेता अजय माकन ने भी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। आप से गठबंधन के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा था कि इसपर पार्टी आलाकमान फैसला करेगा।