कांग्रेस नेता और कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा ऑपरेशन लोटस चला रही है। कांग्रेस के तीन विधायक मुंबई के एक होटल में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ ठहरे हुए हैं।" उधर, मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि वे मुझे बताकर गए हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। शिवकुमार ने कहा कि हमें इस बात की जानकारी है कि क्या हो रहा है और क्या ऑफर दिया जा रहा है। कांग्रेस नेता और मंत्री बी गौड़ा का कहना है कि भाजपा सरकार को पर्दे के पीछे से अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। वहीं, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा, " हमारे विरोधी कह रहे हैं कि सरकार गिरने जा रही है, लेकिन ऐसा नहीं होने जा रहा है। हमारे कुछ विधायक गए हैं, यह बात सच है। वे विधायक मंदिर गए हैं। छुट्टियों पर गए हैं या फिर परिवार से साथ समय बिताने गए हैं। यह बात हमें नहीं पता। किसी ने भी यह नहीं कहा है कि विधायक भाजपा में शामिल होकर सरकार को गिराने जा रहे हैं। सभी विधायक हमारे साथ अभी तक बने हुए हैं।" मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार कोई कोई खतरा नहीं उधर, मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा कि सभी तीन विधायक लगातार मेरे संपर्क में हैं। वे लोग मुझे बताने के बाद ही मुंबई गए हैं। मेरी सरकार को कोई खतरा नहीं है। मुझे पता है कि भाजपा किसके संपर्क में हैं और वे क्या ऑफर कर रहे हैं। मैं इससे निपट लूंगा। मीडिया को इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए। सदानंद गौड़ा ने कहा- भाजपा पर आरोप गलत केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपना घर संभालना चाहिए। वे अपने विधायकों को एकसाथ कर्नाटक में रख नहीं पा रहे और हर बात के लिए भाजपा पर उंगली उठाते हैं। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि सब बातें बेबुनियाद हैं। यह कांग्रेस और जेडीएस के बीच का मामला है। हम उनके किसी भी विधायक के संपर्क में नहीं हैं।