केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मेहुल चौकसी, नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे भगोड़ों को भी क्रिश्चियन मिशेल की तरह भारत वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इनसे जनता की लूटी हुई पाई-पाई वसूल करेगी। जावड़ेकर 13,700 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी के भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने पर पूछे गए सवाल पर जवाब दे रहे थे। इस घोटाले में नीरव मोदी भी आरोपी है। उधर, माल्या पर भारतीय बैंकों का 9 हजार करोड़ बकाया है। तीनों देश छोड़कर भाग चुके हैं। 3600 करोड़ रुपए के अगस्ता-वेस्टलैंड घोटाले में क्रिश्चियन मिशेल ने बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। भारत सरकार ने दुबई से मिशेल का प्रत्यर्पण कराया था। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने कहा, "पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बैंकों पर दबाव बनाया था ताकि मेहुल चौकसी, नीरव मोदी और विजय माल्या को बिना सिक्युरिटी के लोन दिया जाए। जब तक कांग्रेस सरकार थी, ये लोग देश छोड़कर नहीं भागे।' जावड़ेकर ने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद माल्या, नीरव और चौकसी को इस बात का अहसास हो गया कि अब ऐसा नहीं हो पाएगा और वे देश छोड़कर भाग गए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारत सरकार ने क्रिश्चियन मिशेल का प्रत्यर्पण कराया, ठीक उसी तरह से माल्या-नीरव-चौकसी को सबक सिखाया जाएगा। भारत और विदेशों में स्थित उनकी संपत्तियां जब्त की जाएंगी।