समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 6 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। मुलायम अभी आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। पहली लिस्ट में मुलायम के अलावा उनके परिवार के दो सदस्यों अक्षय और धर्मेंद्र यादव को भी टिकट दिया गया है। धर्मेंद्र यादव बदायूं से जबकि अक्षय यादव फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे। वर्तमान में दोनों इन्हीं सीटों से सांसद हैं। मुलायम परिवार के अलावा जिन तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, वे सभी सुरक्षित सीटें हैं। इनमें इटावा से कमलेश कठेरिया, रॉबर्ट्सगंज से भाई लाल कोल और बहराइच से शब्बीर अहमद बाल्मीकि को टिकट दिया गया है। 2014 में सपा ने जीती थीं 5 सीटें 2014 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 5 सीटें जीती थीं। ये सभी सीटें मुलायम परिवार के खाते में गई थीं। मुलायम सिंह यादव दो सीटों मैनपुरी और आजमगढ़ से जीते थे। वहीं, कन्नौज से डिंपल यादव, बदायूं से धर्मेंद्र यादव, फिरोजाबाद से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव जीते थे। बाद में मुलायम ने मैनपुरी सीट छोड़ दी थी और यहां से उनके पोते तेज प्रताप यादव सांसद बने थे।