केंद्रीय राज्यमंत्री और जयपुर ग्रामीण सीट से सांसद राज्यवर्धन राठौड़ गुरुवार को शूटिंग करते हुए लाइव हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर निशाना साधा। राठौड़ ने कहा, कांग्रेस के घोषणा पत्र में लिखा है कि हम कश्मीर से 370 नहीं हटाने देंगे। हम कश्मीर से धारा 370 का प्रावधान हटाकर ही रहेंगे। इसकी अब जरुरत नहीं। जिस समय जरूरत थी वो समय गया। अब इसके हटने का समय है। राठौड़ ने कहा, 'कांग्रेस का घोषणा-पत्र देश के साथ धोखा पत्र है। देश की सेना से बार-बार कौन सवाल करता है। सेना से सबूत मांगते हैं। आतंकियों को मजबूती देते हैं। ये कश्मीर में समस्या किसने खड़ी की। ये नेहरू ने शुरू की। पूरे देश को जोड़न का काम सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया। सिर्फ कश्मीर का मामला नेहरू ने अपने पास रखा। सारा देश एक राष्ट्र बन गया और कश्मीर समस्या बन गई।' इस दौरान राठौड़ ने देश के पहले प्रधानमंत्री पं.नेहरू की नीतियों पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा, 'जब युद्ध में भारत जीत रहा था। तब किसने कहा था की यूएन चले जाओ। कभी कोई मजबूत राष्ट्र भागता है यूएन के पास। हम तो मजबूत राष्ट्र थे। हम तो उस युद्ध में जीत रहे थे। लेकिन नेहरू चले गए, क्योंकि कश्मीर का मामला था। वो ही उससे ताल्लुक रखते हैं। पूरा देश एक हो गया, कश्मीर अलग निकल गया।' राठौड़ ने कहा कि भाजपा की सरकार और मोदी जी इस देश को एक राष्ट्र, अलग-अलग प्रांत नहीं। एक मजबूत राष्ट्र बनाना चाहते हैं। हम वो बनाकर रहेंगे। कांग्रेस सिर्फ धारा 370 नहीं। बल्कि धारा 124-A भी हटाना चाहती है। जेएनयू में जब भारत तेरे टुकड़े गैंग इकठ्ठा हुआ था। इसी धारा की वजह से इनकी धरपकड़ हुई थी।