लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इनमें नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी सीट शामिल है। पांच बजे तक 59 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। ये अनंतिम आंकड़े हैं। अभी भी मतदान केंद्रों पर लोग कतारबद्ध हैं। 2014 में इन सभी 8 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। इन आठ सीटों में सपा-बसपा और रालोद गठबंधन में 6 सीट पर बसपा प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि सपा और आरएलडी एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। 8 सीटों पर 1.40 करोड़ मतदाता 85 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 11 महिला उम्मीदवार हैं। उत्तर प्रदेश में 11 अप्रैल को पहले चरण में भी 8 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 63 फीसदी वोट पड़े थे। शाम पांच बजे तक नगीना में 58 फीसदी, अमरोहा में 64.26 फीसदी, बुलंदशहर में 57.70 फीसदी, अलीगढ़ में 60.20 फीसदी, हाथरस में 58.17 फीसदी, मथुरा में 56.60 फीसदी, आगरा सुरक्षित सीट में 55.96 फीसदी व फतेहपुर सीकरी में 57.99 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।