हरियाणा के 6 श्रद्धालु शनिवार रात को 7 घंटे तक चूड़धार के जंगल में बर्फीले रास्ते पर भटकते रहे। कालका से चूड़धार यात्रा पर आया दल शनिवार दोपहर बाद करीब 2 बजे नौहराधार से चूड़धार के लिए रवाना हुआ। यह दल रात करीब 10 बजे तिसरी पहुंचा। तिसरी से जब यह दल रात को चूड़धार के लिए रवाना हुआ तो यात्री रास्ता भटक गए। रास्ते में 5 से सात फीट जमी हुई थी। इसलिए यात्रियों को रास्ते का पता ही नही चल पा रहा था। काफी देर तक जब रास्ता नही मिला तो यात्रियों ने रात करीब 12 बजे नाहन पुलिस कंट्रोल रुम को रास्ता भटकने की सूचना दी और पुलिस से सहायता की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। रात करीब 12ः30 पर पुलिस की एक टीम नौहराधार से चूड़धार के लिए रवाना हुई। सुबह करीब 5 बजे जब पुलिस की टीम तिसरी के समीप पहुंची तो यात्रियों ने पुलिस को सुचना दी कि उन्हें चूड़धार जाने वाला रास्ता मिल गया है। उसके बाद पुलिस की टीम तिसरी से ही वापस लौट गई। रास्ता भटकने के कारण यात्रियों को पूरी रात जंगल में बर्फ पर ही गुजारनी पड़ी। पुलिस को भी पूरी रात भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नौहराधार चूड़धार रास्ते पर भारी बर्फ जमी होने कारण 24 दिनों के भीतर 11 यात्री रास्ता भटक चुके है। इस रास्ते पर यात्रियों के फंसने का यह तीसरा मामला है।