मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। कहा कि, सपा की रैलियों में नंदी जाकर पूछ रहे हैं कि कसाइयों के मित्र कहां हैं? वो कह रहे हैं कि उन्हें सबक सिखाएंगे। मैंने नंदी बाबा से कहा कि, चुनाव चल रहे हैं, आदर्श आचार संहिता लागू है। फिल्हाल इन्हें छोड़ दो, चुनाव के बाद अपना काम जारी रखना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को देवरिया से भाजपा उम्मीदवार रमापति राम त्रिपाठी के समर्थन में चुनावी सभा करने कुशीनगर पहुंचे थे। उन्होंने यहां फाजिलनगर में कहा कि, यह संसदीय चुनाव है, देश की कमान जिसके हाथ होगी, यह देश वैसे ही हो जाएगा। उन्होंने केंद्र की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि, कई योजनाओं को चलाकर मोदीजी ने देश में परिवर्तन ला दिया है। पीएम मोदी की जाति पर मचे सियासी संग्राम योगी ने कहा कि, पीएम मोदी ने किसी की जाति देखकर सुविधाएं नहीं दी है। सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र पर काम किया है। कहा कि, इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए सपा-बसपा ने कभी कुछ नहीं किया। इनकी संवेदनाएं मर चुकी हैं। योगी ने सपा-बसपा पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाया। कहा कि, बहनजी ने तो सरकारी पैसे से अपने घर बनवाए, लेकिन बबुआ ने तो टोटी ही चुरा लिया। कहा कि, इन्हें जनता जवाब देगी। गठबंधन का सफाया होगा।