राजस्थान की 25 सीटों पर स्थिति साफ होते ही कांग्रेस औऱ भाजपा दोनों के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री गहलोत ने बयान दिया कि लोकतंत्र में जनादेश शिरोधार्य होता है, जिसे हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। वहीं, वसुंधरा राजे ने कहा कि मोदी 2.0 फिर से आ गया है। हाउज द जोश। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि लोकतंत्र में जनादेश शिरोधार्य होता है, जिसे हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। कांग्रेस ने इस परम्परा को सदैव बनाये रखा और इसका निर्वहन करते हुए देश में लोकतंत्र को मजबूत और कायम रखने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व में एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों एवं सिद्धान्तों और जन घोषणा-पत्र के कार्यक्रमों के आधार पर जन-जन तक पहुंचने के लिए कठोर परिश्रम किया। उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, हमें देश की एकता व अखंडता को बनाये रखने के लिए निरन्तर कार्यरत रहना है। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के लिये देश सर्वोपरि है, जबकि भाजपा के लिये सत्ता महत्वपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह आम चुनाव जनहित एवं विकास के मुद्दों पर लड़ा जबकि नरेन्द्र मोदी ने चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए धर्म, जाति, सेना के शौर्य और पराक्रम के नाम पर लड़ा। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में किये चुनावी वादों के बारे में जनता को कोई जवाब नहीं दिया और ना ही भाजपा के संकल्प-पत्र में किये गये वादों की चर्चा की। कांग्रेस ने अपने जन घोषणा-पत्र में लोक कल्याण और विकास के लिये बनाये गये कार्यक्रमों पर वोट मांगे।