मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को विधानसभा में 2019-20 के लिए बजट पेश किया। राज्य सरकार ने पाकिस्तान जाने वाले भारत के पानी को रोकने के लिए योजना तैयार करने का ऐलान किया है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में करीब 75 हजार पदों पर भर्ती का ऐलान किया। राजस्थान की प्रमुख नदी घग्घर पंजाब से राज्य में प्रवेश करती है। हनुमानगढ़ जिले में यह तलवारा झील बनाती है। इस झील से राजस्थान में दो सिंचाई नहरें भी निकाली जाती हैं। यहां से बहते हुए यह नदी पाकिस्तान में प्रवेश करती है। वहां, इसे हकरा नदी कहा जाता है। मुख्य नहर से राजस्थान को मिलने वाले पानी का बड़ा हिस्सा भी पाकिस्तान चला जाता है। सरकार की योजना किसी भी तरह से पाकिस्ताान जा रहे पानी को रोकने की है। केंद्रीय परिवहन मंत्रभ् नितिन गडकरी ने भी पूर्व में भी कहा था कि जम्मू-कश्मीर में भी बांध बनाकर सरकार पाक जाने वाले पानी को रोकेगी। 2.33 लाख करोड़ का बजट पेश हुआ गहलोत ने 2 लाख 32 हजार 944 करोड़ एक लाख रुपए का बजट पेश किया। इसमें 27 हजार 14 करोड़ 97 लाख का राजस्व घाटा तथा 32 हजार 678 करोड़ 34 लाख का राजकोषीय घाटा है। बजट में युवाओं के साथ ही किसानों-महिलाओं के लिए भी ऐलान किया गया। जल संकट को लेकर भी कई योजनाओं की घोषणा की गई। चंबल रिवर फ्रंट विकसित होगा जयपुर में दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर की तर्ज पर एक सेंटर बनाने की योजना का भी ऐलान किया गया। इसके लिए 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया। कोटा शहर में 400 करोड़ की लागत से चंबल रिवर फ्रंट के विकास के लिए 5 करोड़ की लागत से डीपीआर बनाई जाएगी। उदयपुर शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए एक समग्र डीपीआर बनाकर इस वित्तीय वर्ष में 50 करोड़ रुपए के कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।