पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के बीच चल रहे विवाद में रविवार को नया मोड़ आ गया। सिद्धू ने मंत्री पद से अपने इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने ट्विटर पर 10 जून को लिखा एक पत्र शेयर किया है। सिद्धू 10 जून को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मिले थे। उन्होंने इस्तीफे की कॉपी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी भेजने की बात कही है। सिद्धू जनवरी 2017 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। जून में सिद्धू एक कैबिनेट मीटिंग में नहीं पहुंचे थे। इसके बाद 6 जून को अमरिंदर ने उनका विभाग बदल दिया। सिद्धू से महत्वपूर्ण माना जाने वाला स्थानीय शासन विभाग ले लिया गया और उन्हें बिजली एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का प्रभार दिया गया था। हालांकि, सिद्धू ने नए मंत्रालय का प्रभार नहीं संभाला।