रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने देशभर में बढ़ रही मॉब लिचिंग की घटनाओं को लेकर शुक्रवार को कहा कि यह वो सजा है जो इस देश का मुसलमान 1947 के बाद से भोग रहा है। अब इस मामले में जो भी होगा, मुसलमान उसका सामना करेंगे। आजम ने आगे यह भी कहा- हमारे पूर्वज पाकिस्तान क्यों नहीं गए? यह बात मौलाना आजाद, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और बापू से पूछी जाना चाहिए। उन्होंने ही मुस्लिमों से वादे किए थे। यह पहला मौका नहीं है जब आजम खान ने कोई विवादित बयान दिया हो। जयाप्रदा को लेकर दिया था विवादित बयान इससे पहले खान ने लोकसभा चुनाव में भाजपा नेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसे लेकर महिला आयोग ने खान को नोटिस भी जारी किया था। चुनाव आयोग ने इस पर संज्ञान लेकर उन पर 3 दिन का बैन भी लगाया था। आजम खान का नाम एंटी भूमाफिया पोर्टल पर दर्ज जौहर यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन हड़पने के मामले में रामपुर से सपा सांसद आजम खान पर 10 दिन में 23 मुकदमे दर्ज किए गए। डिप्टी कलेक्टर की ओर से आजम खान का नाम उत्तर प्रदेश एंटी भू माफिया पोर्टल पर दर्ज कराया गया। मेरे दुश्मन चारों तरफ- आजम आजम ने कहा था- जमीनें 2005 में किसानों से चेक के माध्यम से नियम के मुताबिक खरीदी गई थी। मेरा मकान एक गली में है, जिसमें चार पहिया वाहन नहीं जा सकता। चूंकि मैंने भाजपा के खिलाफ चुनाव जीता था, इसलिए मुझे सजा दी जा रही है। सभी आरोप झूठे हैं। वे चाहें तो जांच कर सकते हैं। मेरे दुश्मन चारों तरफ हैं।