केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक के बेलगावी पहुंच गए हैं। वे यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड पहुंच चुके हैं। राज्य के मलप्पुरम में भूस्खलन के तीन दिन बाद 9 और शव निकाले गए। केरल और कर्नाटक में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से मरने वालों की संख्या 92 हो गई है। जबकि महाराष्ट्र में चार लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यहां सांगली और कोल्हापुर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। सेना की 123 टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। गुजरात के मोरबी में पुलिसकर्मी पृथ्वीराज जडेजा दो बच्चियों को कंधे पर बैठाकर 1.5 किमी से ज्यादा पैदल चले और बाढ़ से रेस्क्यू किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुजरात में 19 और महाराष्ट्र में 29 लोगों की जान गई। येदियुरप्पा ने मृतकों के परिजन को 5 लाख रु. के मुआवजे का ऐलान किया कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मृतकों के परिजन को 5 लाख रु. के मुआवजे का ऐलान किया है। जिला प्रशासन ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बी जनार्दन पुजारी को दक्षिण कन्नड़ जिले के बाढ़ प्रभावित बंतवाल में उनके घर से बचाया। वहीं, धारवाड़ जिला प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियों को तीन दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्कूल-कॉलेज 13 अगस्त को खुलेंगे। येदियुरप्पा ने बाढ़ को राज्य में 45 साल की सबसे बड़ी आपदा बताया है। इसमें अब तक 6 हजार करोड़ रु. का नुकसान हो चुका है। कर्नाटक सरकार ने केंद्र से 3 हजार करोड़ रु. की मदद मांगी है।