शहर का मशहूर हजरतगंज चौराहा अब अटल चौराहा के नाम से जाना जाएगा। दरअसल, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने इस चौराहे का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजेपयी के नाम पर 'अटल चौराहा' करने की कवायद पहले ही तेज कर दी थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्य तिथि पर इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई। शहर की महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि हजरतगंज चौराहे का नाम पूर्व प्रधानमंत्री और लखनऊ से सांसद रह चुके स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कर दिया गया है। अब इसे अटल चौक के नाम से जाना जाएगा। दरअसल, लखनऊ नगर निगम शहर के भीतर तमाम चौराहों, सड़कों और दूसरी ऐतिहासिक जगहों के नामकरण या नाम बदलने का फैसला लेता है। हर महीने इस तरह के तमाम प्रस्ताव कार्यकारिणी के पास आते हैं। पिछले दिनों पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद जोर-शोर से चर्चा चल रही कि उनके नाम पर सड़कों और चौराहों का नामकरण किया जाए। अटल चौराहे को लेकर नगर निगम में आया था प्रस्ताव इसी कड़ी में लखनऊ के मशहूर हजरतगंज चौराहा का नाम बदलकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने का प्रस्ताव नगर निगम कार्यकारिणी के सामने आया था. जिसे कार्यकारिणी ने अंतिम फैसला लेने के लिए लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया को अधिकृत कर दिया गया था। इसी पर फैसला लेते हुए संयुक्ता भाटिया ने चौराहे का नाम बदल दिया है।