चंद्रयान-2 ने बुधवार सुबह 9.04 बजे चांद की तीसरी कक्षा में प्रवेश कर लिया। अब यह अगले 2 दिनों तक इसी कक्षा में चांद के चक्कर लगाएगा। इसके बाद 30 अगस्त को चौथी और 1 सितंबर को पांचवी कक्षा में प्रवेश करेगा। दो सितंबर को विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर यान से अलग हो जाएंगे। विक्रम लैंडर 7 सितंबर को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। 20 अगस्त को चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में पहुंचा था। कक्षा में पूरी तरह स्थापित होने में इसे करीब आधा घंटा लगा। 23 दिन पृथ्वी के चक्कर लगाने के बाद चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने में इसे 6 दिन लगे। फिलहाल चंद्रयान-2 और चांद के बीच न्यूनतम 200 किमी की दूरी है।