उत्तर प्रदेश के एटा में एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई। फैक्ट्री नियमों को ताक पर रखते हुए एक घर में चलाई जा रही थी। धमाके के चलते मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। धमाके के वक्त कई लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। मलबे से 8 लोगों को निकाला गया है। इनमें से 5 की हालत गंभीर है, जिन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तीन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि एटा के मिरहची इलाके के एक मकान में आतिशबाजी के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे। फैक्ट्री का लाइसेंस मुन्नी देवी के नाम से है।