उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत 18 राज्यों की 51 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में उत्तरप्रदेश की 11 सीटों में से 6 पर भाजपा आगे है। वहीं, गुजरात की 6 सीटों में भाजपा ने 3 और कांग्रेस ने 3 पर बढ़त बना ली है। महाराष्ट्र की सातारा लोकसभा सीट पर छत्रपति शिवाजी के वंशज और भाजपा प्रत्याशी उदयन राजे पीछे हैं। यहां राकांपा के श्रीनिवास पाटिल 40 हजार वोट से आगे निकले। बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर लोजपा के प्रिंस राज आगे हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव के साथ 21 अक्टूबर को उपचुनाव की वोटिंग हुई थी। चुनाव आयोग ने 23 सितंबर को कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव का ऐलान किया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट में विधायकों की अयोग्यता का मामला विचाराधीन है। इसके चलते आयोग ने तारीख आगे बढ़ाई थी, अब कर्नाटक में 5 दिसंबर को उपचुनाव कराए जाएंगे।