महाराष्ट्र विधानसभा की 288 और हरियाणा की 90 सीटों पर हुए चुनाव नतीजों के रुझान आना शुरू हो गए हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, ‘‘हमें भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश मिला है। अब हम सभी के साथ मिलकर मजबूत सरकार बनाएंगे। एकाध मंत्री को छोड़कर सारे मंत्री हारे हैं। ये दिखाता है कि भाजपा सरकार विफल रही है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। सभी साथियों को पूरा मान-सम्मान देंगे। अब समय आ गया है कि सब दल मिलकर मजबूत सरकार बनाएंगे। फोन आए हैं कि अफसर निर्दलियों को रोक रहे हैं। मैं चेतावनी देता हूं कि कोई भी अधिकारी किसी भी जीते हुए प्रत्याशी को रोक नहीं सकता। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी करेंगे।’’ वहीं, भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने भी महाराष्ट्र-हरियाणा में जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों राज्यों में जीत हासिल करने के बाद उनकी पार्टी झारखंड और दिल्ली के चुनाव भी जीतेगी।