महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 160 सीटें मिलती दिख रही हैं, लिहाजा उनका दोबारा सरकार बनाना तय माना जा रहा है। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 98 सीटें मिल सकती हैं। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए 145 सीटें चाहिए। इस बीच उद्धव ठाकरे ने कहा कि 50-50 फॉर्मूला तय हुआ था। इस पर नहीं झुकेंगे। भाजपा 43 सीटें जीत चुकी है और 60 पर आगे चल रही है। शिवसेना 33 सीटें जीत चुकी है और 24 पर आगे चल रही है। वहीं, राकांपा 26 सीटें जीत चुकी है और 27 पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस 22 सीटें जीत चुकी है और 23 पर आगे है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 122 और शिवसेना को 63 सीटें मिली थीं। अभी तक के रुझान देखें तो भाजपा को ज्यादा नुकसान है। मौजूदा 4 मंत्री राम शिंदे, अर्जुन खोतकर, बाला भेगड़े (भाजपा) और विजय शिवतारे (शिवसेना) पीछे चल रहे हैं। ‘बड़े भाई-छोटे भाई का फर्क नहीं’ उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं किसी के दबाव में नहीं हूं। जनता का आशीर्वाद दोबारा मिला। 50-50 का फॉर्मूला तय था। इस फॉर्मूले पर हम नहीं झुकेंगे। बड़े भाई-छोटे भाई का कोई फर्क नहीं है। भाजपा के नेताओं से इस पर बात करेंगे। अमित शाह भी बात करने आ सकते हैं। ठाकरे ने शिवसेना के मुख्यमंत्री के सवाल पर पत्रकार से कहा- आपके मुंह में घी शक्कर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जनता का आभार व्यक्त करता हूं। 15 बागी विधाक हमारे संपर्क में हैं। वे हमारे साथ आ सकते हैं।