प्रदेश के सबसे बड़े फिटनेस इवेंट्स में से एक वॉक-ओे-रन में रविवार सुबह हजारों कोटावासियों ने दौड़ लगाई। आयोजकों की मानें तो इस इवेंट में 35 हजार लोगों ने भाग लिया। साथ ही इसमें दो वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बने। एक सबसे अधिक लोगों के एक साथ जुम्बा डांस करने का तथा दूसरा सबसे अधिक बच्चों द्वारा एक इवेंट के लिए पेंटिंग बनाने का। इवेंट में शामिल लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए खुद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए। हार्टवाइज व रेजोनेंस के इस आयोजन के लिए सुबह साढ़े चार बजे से लोगों का जुटना शुरू हो गया। इवेंट के शुरू में एक ही जगह 15 हजार से अधिक लोगों ने तेज सर्दी में जुम्बा किया। गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड ने इसे स्वीकर कर इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड की मान्यता भी प्रदान कर दी। इसे विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड में रजिस्ट्रेशन करवा लिया गया था। हार्टवाइज के संयोजक डॉ. साकेत गोयल ने बताया कि 21 किमी हाफ मैराथन की शुरुआत सुबह छह बजे उम्मेद स्टेडियम से हुई। 10 किमी दौड़ सुबह 6.15 बजे शुरू हुई, जबकि 6 किमी वॉक को सुबह साढ़े सात बजे हरी झंडी दिखाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला थे। ब्रिगेडियर पीएस चीमा, कलेक्टर ओम कसेरा, एसपी दीपक भार्गव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। 21 किमी दौड़ेंगे 83 साल के पंवार : 21 किमी हॉफ मैराथन में दो श्रेणियां थी, एक इंटरनेशनल और दूसरी इंडियन। इंटरनेशनल श्रेणी में केन्या के धावक सिमोन ने 67 मिनट में मैराथन पूरी की। इसमें 20 से अधिक केन्याई धावकों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। वहीं इंडियन कैटेगरी में यशवंत कुमार सैन विजेता बने। यशवंत ने एक घंटा 7 मिनट और पांच सेकंड में हाफ मैराथन पूरी की। दोनों विजेताओं को 50-50 हजार रुपए कैश अवार्ड भी दिया गया। कोटा के वेटरन रनर दुर्गालाल पंवार ने भी इस इवेंट में हिस्सा लिया। स्पोर्ट्स पर्सन रह चुके दुर्गालाल 21 किमी की हाफ मैराथन का हिस्सा बने। इससे पहले वॉक ओ रन में हुई हाफ मैराथन में भी दुर्गालाल भाग लेकर निश्चित समय में रेस पूरी कर चुके हैं। सात साल के आशीष भी लगाई 21 किमी की दौड़ : हाफ मैराथन में सभी उम्र के एथलीट्स ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार 21 किमी में 7 साल का आशीष कुमार मीणा भी था। इसके लिए आशीष ने काफी मेहनत की थी। हार्ट अटैक के बाद भी जीता हाफ आयरमैन का खिताब : साल 2013 में चंद्रेश शर्मा को हार्ट अटैक आया था। अटैक के दो माह के बाद ही उन्होंने फिजिकल एक्टिविटी शुरू कर दी। अब चंद्रेश कई साइकिल इवेंट में भाग लेकर टारगेट को सफलतापूर्वक हासिल कर चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने हाफ आयरनमैन का खिताब भी जीता। उन्होंने भी इस इवेंट में भाग लिया। अभिषेक ने पूरे परिवार के साथ दौड़ लगाई : अभिषेक शर्मा ने पूरे परिवार के साथ छह किमी वॉक की। वे छह साल से रेगुलर वॉक कर रहे हैं। इवेंट में उनकी दादी सावित्री देवी, पिता अरविंद शर्मा, मां आशा शर्मा व पत्नी ऋतिका शर्मा भी शामिल हुईं।