विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को झारखंड के राजमहल पहुंचे। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा- जैसे ही राज्य में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन की सरकार बनेगी, यहां के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। मैं झूठे वादे करने नहीं आया। मेरा नाम मोदी नहीं है। मैं दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात नहीं करूंगा, लेकिन झारखंड के किसानों का कर्ज माफ होगा। झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 12 दिसंबर को 17 सीटों पर मतदान होना है। राहुल गांधी राजमहल के बाद महगामा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले राहुल ने 2 दिसंबर को सिमडेगा में और 9 दिसंबर को हजारीबाग के बड़कागांव और रांची के बीआईटी मेसरा ग्राउंड में चुनावी सभा को संबोधित किया था। राहुल गांधी ने कहा- ‘फैक्ट्रियों में युवाओं को रोजगार मिलता है। मोदी ने नोटबंदी-जीएसटी से आपकी जेब से पैसा निकाल लिया। हेमंत ने बताया कि कुछ ही दिन पहले 15-20 उद्योगपतियों का लाखों-करोड़ रुपए माफ किया गया।’ ‘मध्यप्रदेश-छग-राजस्थान में हमारी सरकार बनी, हमने बिल लागू किया। इन राज्यों में गरीबों से जमीन नहीं छिनी जा सकती। छग में टाटा से जमीन वापस लेकर किसानों को दी। यहां आपको धान का 1200 रु. मिलता है जबकि छग में 2500 रु. रेट है। अगर वहां 2500 मिल सकता है तो यहां 1200 क्यों? क्योंकि झारखंड में भाजपा और उनके उद्योगपतियों की सरकार है। हमने छग-राजस्थान-मप्र में किसानों का कर्ज माफ किया।’ ‘मोदी ने जेब से पैसा निकाल लिया। गरीबों ने माल खरीदना बंद किया। फैक्ट्रियां बंद हो गई। उन युवाओं का रोजगार खत्म हो गया। 15 मिनट में अगर सरकार अमीर उद्योगपतियों को पैसा देना बंद करे, वहीं पैसा भारत के युवाओं-किसानों को दे तो 15 मिनट में भारत की अर्थव्यवस्था फिर खड़ी हो जाएगा। मोदी डरा हुआ हिंदुस्तान चाहते हैं। वे चाहते हैं यहां की जनता कमजोर और बंटी रहे।’