जापान के योकोहामा तट पर रोके गए जहाज पर फंसे 119 भारतीयों और पांच विदेशी नागरिकों को गुरुवार को दिल्ली लाया गया। साथ ही, चीन के वुहान शहर गया भारतीय वायुसेना का विमान भी लौट आया है। इसमें 76 भारतीय और 36 विदेशी नागरिक लाए गए हैं। दोनों विमानों से लाए गए भारतीयों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद आईटीबीपी के छावला स्थित ऑब्जर्वेशन सेंटर में रखा जाएगा। जापान से लाए गए पांच विदेशियों में श्रीलंका, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका और पेरू के नागरिक शामिल हैं। भारत सरकार ने लोगों को वहां से निकालने में मदद करने के लिए जापान सरकार का धन्यवाद किया है। 3 फरवरी से ही डायमंड प्रिंसेस शिप को जापान के योकोहामा पोर्ट पर रोका गया था। इसमें 138 भारतीय फंसे हुए थे, जिसमें 16 कोरोनावायरस से संक्रमित हैं।