गृहमंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी पर अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करने का आरोप लगाया है। रविवार को कोलकाता में ममता सरकार के खिलाफ 'हम अन्याय नहीं सहेंगे' अभियान की शुरुआत करते हुए शाह ने कहा- ममता दीदी ने कांग्रेस, सपा, बसपा, वामपंथियों के साथ मिलकर अयोध्या में श्रीराम मंदिर का विरोध किया। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाकर हमने भारत का अभिन्न अंग बनाया लेकिन ममता दीदी ने उसका भी विरोध किया। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ वह (ममता बनर्जी) अल्पसंख्यकों को भड़का रहीं हैं। मैं मुसलमान भाईयों को यह बता देना चाहता हूं कि यह कानून नागरिकता लेने का नहीं है बल्कि देने का है। ममता दीदी ने बंगाल में दंगे करवाए अमित शाह ने रैली में अन्याय, भ्रष्टाचार, परिवारवाद, दंगा, बेरोजगारी, टोलबाजी के खिलाफ नारेबाजी भी कराई। शाह ने कहा- लोकसभा चुनाव के दौरान दीदी आपने (ममता बनर्जी) ने हमें खूब रोकने की कोशिशें की। हैलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया। रैलियां नहीं करने दी। भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलियां चलवाईं। बंगाल में दंगे करवाए, ट्रेन जलवाया, बेगुनाहों की हत्या करवाई। हमारे 40 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को मरवा दिया। हम पर लाठियां चलवाईं, लेकिन हमने और हमारे कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी। बंगाल की जनता ने हमें उतनी ही मजबूती से जीत दिलाई। शाह ने कहा कि आपने टीएमसी और वामपंथियों को इतने साल दिए। आप हमें पांच साल दे दीजिए, हम पश्चिम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देंगे।