एयर इंडिया की दिल्ली-मॉस्को ए-320 फ्लाइट का एक पायलट कोरोना पॉजिटिव पता चलने के बाद उसे बीच रास्ते से वापस बुला लिया गया। यह घटना शनिवार सुबह की है। डीजीसीए ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। एयर इंडिया के अफसरों ने बताया कि यह फ्लाइट वंदे भारत मिशन के तहत रूस में फंसे भारतीयों को लेने जा रही थी। इसमें कोई भी यात्री सवार नहीं था। फ्लाइट जैसे ही उज्बेकिस्तान के एयरस्पेस पहुंची। तभी हमारी ग्राउंड टीम के सदस्यों को महसूस हुआ कि विमान का एक पायलट कोरोना पॉजिटिव है। अफसर ने यह भी बताया कि विमान को तुरंत वापस लौटने को कहा गया। शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे विमान दिल्ली पहुंच गया। क्रू मेंबर्स को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। अब रूस में फंसे भारतीयों को लेना दूसरा विमान मॉस्को भेजा जाएगा।